
अमेरिका की पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीयों को किया गिरफ्तार
Newyark : अमेरिका की बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोग अमेरिका में कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस लेकर ट्रक चला रहे थे। बॉर्डर पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत इन लोगों को पकड़ा। यूएस कस्टम और बॉर्डर प्रोटेक्शन विभाग ने एक बयान जारी कर बताया कि बॉर्डर पेट्रोल एजेंट्स ने कैलिफोर्निया के अल सेंट्रो सेक्टर में 49 अवैध अप्रवासियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों के पास से कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस मिले हैं। कस्टम एजेंसी ने बताया कि अप्रवासन चेक पॉइंट पर जांच के दौरान ये लोग पकड़े गए। कस्टम विभाग ने बताया कि 23 नवंबर से 12 दिसंबर तक चले अभियान में कुल 42 अवैध अप्रवासी पकड़े गए हैं, जो कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस पर ट्रक चला रहे थे। पकड़े गए लोगों में से 30 भारतीय नागरिक हैं। वहीं दो लोग अल सल्वाडोर के और बाकी चीन, एरीट्रिया, हैती, होंडुरास, मैक्सिको, रूस, सोमालिया, तुर्किये और यूक्रेन के निवासी हैं। एजेंसी ने बताया कि पकड़े गए लोगों में से 31 को कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस कैलिफोर्निया राज्य की सरकार ने जारी किए थे। आठ लाइसेंस फ्लोरिडा, इलिनोइस, इंडियाना, ओहायो, मैरीलैंड, मिनेसोटा, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, पेंसिल्वेनिया और वाशिंगटन ने जारी किए थे। अप्रवासन एजेंसी का ट्रक चालकों के खिलाफ ये अभियान कई घातक दुर्घटनाओं के बाद सामने आया है, जिसमें अवैध रूप से रह रहे लोगों ने सड़क दुर्घटनाएं कीं, जिनमें कई लोगों की मौत हुई।





