
ईवीएम पर सवाल उठाने वाले पार्टी: झामुमो व कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी बैलेट पेपर से कैसे हारे: राजीव रंजन
Latehar : लातेहार नगर पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है। अधिवक्ता सह समाजसेवी राजीव रंजन पाण्डेय ने झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हार के बाद अक्सर ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन इस बार राज्य सरकार के निर्णय अनुसार पूरे झारखंड में नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराए गए। इसके बावजूद महागठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, जो जनता के जनादेश को दर्शाता है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव में हार की वजह क्या है।वहीं लातेहार नगर पंचायत में झामुमो समर्थित प्रत्याशी की हार के बाद पार्टी के कुछ स्थानीय अल्पसंख्यक नेताओं ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर अपनी नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि जब जिले में संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता थी, तब उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन वर्तमान में स्थानीय और विशेषकर अल्पसंख्यक नेताओं को उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बाहरी लोगों को प्रचार में अधिक तरजीह दी गई, जबकि स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई, जिसका असर चुनाव परिणाम पर पड़ा।





