कुख्यात नक्सली पापा राव समेत 18 नक्सलियों ने किया सरेंडर
Bijapur : कुख्यात नक्सली कमांडर पापा राव समेत 18 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। सरेंडर करने वालों में 11 पुरुष और 7 महिला नक्सली शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर पापा राव के साथ 11 पुरुष और 7 महिला नक्सली समेत कुल 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। ये लोग अपने साथ 8 AK-47 एवम अन्य हथियार भी लेकर पहुंचे। नक्सलियों में डीकेएसजेडसी मेंबर पापा राव समेत डिवीसीएम और एसीएम रैंक के नक्सली शामिल हैं।

नक्सल ऑपरेशन के अतिरिक्त महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस संगठन में बचा हुआ वह आखिरी महत्वपूर्ण नक्सल नेता था। पापा राव की गिरफ़्तारी पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। राव प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) की राज्य-स्तरीय सर्वोच्च संस्था दंडकारण्य स्पेशल ज़ोनल कमेटी का सदस्य था। वह साउथ बस्तर ज़ोनल ब्यूरो कमेटी का सचिव भी रहा।
पापा राव लगभग 25 वर्षों से जंगलों में सक्रिय था और कई बार सुरक्षा बलों के साथ उसकी मुठभेड़ हुई, लेकिन हर बार वह बच निकला। बस्तर संभाग और आसपास के राज्यों के कुछ हिस्सों में माओवादी गतिविधियों को अंजाम देने वाले डीकेएसजेडसी को इस प्रतिबंधित संगठन की सबसे मजबूत इकाई माना जाता था। पिछले दो दशकों में सुरक्षा बलों पर कई जानलेवा हमले करने में इसकी अहम भूमिका रही है।



