
गम्हरिया दुष्कर्म कांड के विरोध में महुआडांड़ में भाजपा का आक्रोश, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूँका
Ayush Kumar @ united palamu
महुआडांड़ : झारखंड में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को महुआडांड़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष बंशी यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड महुआडांड़ में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।यह विरोध प्रदर्शन सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक पीड़िता के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की गंभीर घटना के विरोध में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रखंड अध्यक्ष अमित जायसवाल ने की, जबकि नेतृत्व मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह ने किया।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने तथा राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार लाने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि पुलिस थाना परिसर में ही महिला के साथ ऐसी गंभीर घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। जब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले तंत्र पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता होना स्वाभाविक है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं सरकार के सुरक्षा संबंधी दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। पुतला दहन के माध्यम से भाजपा ने राज्य सरकार से महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग की।मौके पर अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि संजय जायसवाल, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर सिंह, भाजपा नेता अनिल प्रसाद, बिगन प्रसाद, भरत राम, राम जायसवाल, सोनी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।





