
गारू में मजदूरों की मजदूरी महीनों से लंबित, ग्रामीणों में आक्रोश
लातेहार:गारू प्रखण्ड के कई पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को महीनों से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। लगातार काम करने के बावजूद भुगतान लंबित रहने से मजदूरों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने डोभा, कूप निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों में श्रम दिया, लेकिन अब तक उन्हें मजदूरी नहीं मिली। कई परिवारों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।वहीं दूसरी ओर राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री मइयाँ सम्मान योजना के दो माह के बकाया भुगतान का वादा किया जा रहा है। मजदूरों का आरोप है कि सरकार नई योजनाओं के प्रचार में व्यस्त है, जबकि पुराने कार्यों की मजदूरी तक नहीं दे पा रही है।इस मामले पर ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के गारू प्रखण्ड अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“मनरेगा मजदूरों की मेहनत का पैसा रोककर सरकार गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। सरकार को पहले मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए, उसके बाद किसी अन्य योजना का प्रचार करना चाहिए। यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आजसू पार्टी मजदूरों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।”ग्रामीणों ने भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे प्रखण्ड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। मजदूरों का कहना है, “हमें सम्मान योजना नहीं, पहले हमारी मेहनत की मजदूरी चाहिए।”





