
चैनपुर में महान क्लब ने निकाली भव्य झांकी
Chainpur (Palamu) : चैनपुर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहाँ महान क्लब के तत्वावधान में एक भव्य जुलूस और आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।जुलूस की शुरुआत चैनपुर बाजार स्थित महावीर मंदिर से हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े, जिनमें महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। जुलूस में विशेष रूप से बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रभु श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी का जीवंत वेश धारण किया गया था, जो पूरे कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरे आकाश को गुंजायमान कर दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मेयर प्रत्याशी मनोज सिंह
इस धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मेदिनीनगर नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष सह मेयर प्रत्याशी मनोज सिंह शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और भक्ति का संचार करते हैं।धार्मिक अनुष्ठान को और खास बनाने के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को आयोजित भक्ति जागरण में स्थानीय व बाहर से आए गायकों ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर भक्त पूरी रात झूमते रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में महान क्लब के अध्यक्ष अमित कुमार, राजू सोनी, और पिंकू तिवारी समेत महान क्लब पूजा कमेटी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्था संभालने और अतिथियों के स्वागत में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मनोज सिंह (पूर्व उपाध्यक्ष, मेदिनीनगर नपा) एवं महान क्लब के अध्यक्ष अमित कुमार, राजू सोनी, पिंकू तिवारी और पूरी टीम ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया।





