
चोरहा पंचायत सचिवालय की जर्जर हालत,कर्मचारियों व ग्रामीणों की जान जोखिम में
Garu : सरयू प्रखंड के चोरहा पंचायत सचिवालय भवन की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। जर्जर छत से रोजाना प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यहां कार्यरत पंचायत कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और रोजमर्रा के काम से आने वाले ग्रामीणों की जान पर खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्लास्टर गिर चुका है, बावजूद इसके अब तक न तो समुचित मरम्मत कराई गई और न ही भवन को सुरक्षित बनाने की कोई ठोस पहल हुई। सूत्रों के मुताबिक पंचायत सचिवालय के रखरखाव के लिए हर माह करीब 15 हजार रुपये मेंटेनेंस मद में आते हैं, लेकिन इसके बावजूद भवन की हालत जस की तस बनी हुई है।इस संबंध में चोरहा पंचायत की मुखिया अंकिता देवी ने चिंता जताते हुए कहा कि हर रोज छत से प्लास्टर टूट-टूटकर गिरता है, जिससे अंदर बैठकर काम करना भी डर का कारण बन गया है। उन्होंने बताया कि पहले मरम्मत कराई जा चुकी है, लेकिन अब रिपेयरिंग से काम नहीं चलेगा, बल्कि नए पंचायत सचिवालय भवन का निर्माण जरूरी हो गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द संज्ञान लेने और नए भवन निर्माण की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।





