जंगली हाथी के हमले से बुजुर्ग महिला की मौत, एक घायल

Ranchi : पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। ताजा मामला सदर प्रखंड के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरकुंडीय गांव के तुरामडीह टोला का है, जहां सोमवार देर रात एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस घटना में 57 वर्षीय चांदो देवी की मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बरकुंडीय गांव में निर्माणाधीन मंदिर के पास कुछ लोग सोए हुए थे।इसी दौरान अचानक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। लोग गहरी नींद में थे, इसलिए भाग नहीं सके। हाथी ने चांदो देवी को पटक दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं लखन कुदादा को भी घायल कर दिया।

मृतका के पुत्र गोपाल गोप ने मंगलवार को बताया कि उनका परिवार तांतनगर ओपी क्षेत्र के कुंभराम गांव का रहने वाला है। उनकी मां बरकुंडीय में मंदिर निर्माण कार्य में लगी थीं और रोज वहीं सोती थीं। सोमवार रात अचानक हाथी आ गया और उनकी मां को पटक कर मार दिया। शोर मचाने पर हाथी वहां से चला गया।

घायल लखन कुदादा के पुत्र ज्वार कुदादा ने बताया कि वह प्रतिदिन मंदिर में पूजा और काम करते हैं। उनके पिता भी वहीं सोए हुए थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीण मुंडा ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल चाईबासा भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घायल लखन कुदादा का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!