जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी प्रक्रिया

Ranchi : पलामू में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी समीरा एस. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्य प्रगति और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपायुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों (ग्रामीण-नगरीय) को मकान सूचीकरण ब्लॉक (एचएलबी) मैपिंग कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल पर चल रहे जनगणना कार्यों की चार्जवार समीक्षा भी की गई।

उपायुक्त ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 पहली बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। यह प्रक्रिया सीएमएमएस पोर्टल, स्व-गणना पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए विभिन्न चरणों में पूरी होगी। उन्होंने आम लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया, ताकि जनगणना में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने जनगणना कोषांग के गठन, जिला नोडल पदाधिकारी की पहचान, लॉगिन आईडी सक्रिय करने सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही फील्ड कार्य के लिए प्रगणक और पर्यवेक्षकों की प्रविष्टि जल्द से जल्द पोर्टल पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना को सफल बनाने के लिए डीआरडीए सभागार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। इसका उद्घाटन उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन और जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने किया।

प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की आधारभूत अवधारणाओं, प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। मकान सूचीकरण, प्रपत्रों के उपयोग और डेटा संकलन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।

मास्टर ट्रेनर्स ने मोबाइल आधारित एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल डेटा संकलन और स्व-गणना की नई व्यवस्था की जानकारी दी। साथ ही डेटा की गोपनीयता और शुद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर राज्य से आए मास्टर ट्रेनर प्रेम प्रकाश पाठक, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी और जनगणना कोषांग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!