झारखंड के कई जिलों में बुधवार और गुरुवार को बादल छाए रहने की संभावना
Ranchi : झारखंड के विभिन्न जिलों में बुधवार और गुरुवार को आंशिक बादल छाने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 02 से 03 डिग्री की वृद्धि होगी। यह जानकारी मौसम विभाग ने मंगलवार को दी।मौसम विभाग के अनुसार, 13 फरवरी से मौसम साफ होगा।

सुबह में कुहासा छाया रहेगा और बाद में मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा।विभाग का कहना है कि राज्य भर में अगले दो दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी के बाद अगले तीन दिनों में इसमें 02 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी।पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईंबासा में 32 डिग्री और सबसे कम तापमान तापमान गुमला में 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ और मध्यम दर्जे की गति से हवा चली। इन दिनों पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण कई जिलों में तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। कई जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज हुई है। इससे राज्य भर में गर्मी और ठंड दोनों की स्थिति बनी हुई है।मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।




