झारखंड में किशोरों को स्वास्थ्य जानकारी और परामर्श से जोड़ने के लिए हुआ ‘उमंग दिवस’ की शुरुआत

Ranchi : राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) और स्कूल स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम के तहत संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (यूनिसेफ़) के सहयोग से ‘उमंग दिवस’ का राज्य स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जमचूआ (नामकुम) में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने किया।
‘उमंग दिवस’ 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के लिए एक मासिक सहभागिता मंच है, जिसका उद्देश्य उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने चल रहे सत्र का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित किशोरों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, साहिया और समुदाय के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने किशोर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका की सराहना की।

इस मौके पर शशि प्रकाश झा ने कहा कि बच्चे अपने घर में बड़ों को देखकर सीखते हैं और उसी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ते हैं। किशोरावस्था वह समय होता है जब बच्चों में जिज्ञासा सबसे अधिक होती है और वे स्वाभाविक रूप से कई सवाल पूछते हैं। उन्होंने कहा कि जो बच्चे अपनी जिज्ञासाओं और प्रश्नों के साथ आगे बढ़ते हैं, वही भविष्य में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनते हैं।

उन्होंने किशोरियों की शादी 18 वर्ष और किशोरों की शादी 21 वर्ष की आयु के बाद ही करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता जीवन को बेहतर बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह समाज में यह सोच है कि लड़का कमाने लगे तब उसकी शादी होनी चाहिए, उसी तरह यह सोच लड़कियों के लिए भी लागू होनी चाहिए। जब लड़कियां पढ़ेंगी, काम करेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी, तभी वे सशक्त बनकर अपने जीवन को बेहतर ढंग से जी सकेंगी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!