नगर निकाय चुनाव को लेकर मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में चलाया गया सघन जांच अभियान
Palamu : नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार की रात्रि मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।

इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी राजीव रंजन एवं राजेश यादव द्वारा किया गया। अभियान के दौरान टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार सहित कई वरीय एवं कनिष्ठ पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। जांच अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं सार्वजनिक स्थलों की बारीकी से जांच की गई तथा आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
चुनाव के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और मतदाताओं में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करें।




