
नगर पंचायत कार्यालय में जनता दरबार एवं योजनाओं का शिलान्यास संपन्न

Sanjay/Rahul @ united palamu
लातेहार: नगर पंचायत लातेहार कार्यालय परिसर में आज जनता दरबार एवं उद्घाटन-शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। जनता दरबार कार्यक्रम स्थानीय विधायक प्रकाश राम की अध्यक्षता में आयोजन हुआ, वहीं सांसद प्रतिनिधि अमलेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।जनता दरबार के दौरान आम नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनकी कुल संख्या लगभग 21 रही। प्राप्त आवेदनों के आलोक में विधायक प्रकाश राम ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जनता की समस्याओं के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम समारोह संपन्न

जनता दरबार के उपरांत उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिक सुविधा एवं शहरी परिवहन मद के अंतर्गत कुल 20 योजनाओं तथा 15वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत एक योजना का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत लातेहार के प्रशासक राजीव रंजन, भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर पंचायत के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित त्रिभुवन पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया।इसके पश्चात् विधायक प्रकाश राम, नगर प्रशासक राजीव रंजन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं नारियल फोड़कर शिलान्यास किया गया।





