
नगर पंचायत लातेहार में ट्रेड लाइसेंस की गहन जांच, बिना लाइसेंस संचालित 6 प्रतिष्ठान सील
Rahul Kumar @ united palamu
Latehar :नगर पंचायत लातेहार क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को ट्रेड लाइसेंस को लेकर गहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई की गई। जांच में कुल छह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास ट्रेड लाइसेंस नहीं पाया गया, जिसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में सभी छह प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सील की गई दुकानों में मां को चौक के पास स्थित तीन दुकानें तथा डूरवा स्टेशन के समीप स्थित तीन दुकानें शामिल हैं। नगर पंचायत द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने अब तक ट्रेड लाइसेंस नहीं लिया है, उन्हें अविलंब ट्रेड लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, सभी व्यापारियों को समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करने की भी सख्त चेतावनी दी गई है।प्रशासन ने बताया कि यदि किसी प्रतिष्ठान द्वारा होल्डिंग टैक्स जमा नहीं किया गया, तो संबंधित खाते को फ्रिज करते हुए प्रतिष्ठान के आगे के संचालन पर रोक लगा दी जाएगी। नगर पंचायत का उद्देश्य नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना और नगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित व्यवसायों पर अंकुश लगाना है।इस अभियान में दंडाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, नगर प्रबंधक, रेवेन्यू इंस्पेक्टर सहित नगर पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
नगर प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।





