पलामू एसपी ने किया क्राइम मीटिंग, कहा : महाशिवरात्रि और नगर निकाय चुनाव को लेकर अलर्ट रहें पुलिस अधिकारी व जवान
Amitesh Ranjan @ United Palamu
Palamu : पलामू के पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी), पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, अपराध नियंत्रण की रणनीति की समीक्षा करना तथा आगामी नगर निकाय चुनाव एवं महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था।

बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा एवं आवश्यक निर्देश दिए गए
1️⃣ महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विशेष सतर्कता
महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया।
- संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
- शिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाले मंगल जुलूस के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
2️⃣ नगर निकाय चुनाव की तैयारी
आगामी नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने हेतु विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।
- सभी लाइसेंसी हथियारों को अविलंब जमा कराने का निर्देश दिया गया।
- संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
- QRT (त्वरित कार्रवाई दल) की तैयारी एवं प्लान की समीक्षा की गई।
- नियमित फ्लैग मार्च आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
- बड़े वाहनों, काले शीशे वाले वाहनों, बिना हेलमेट एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की सघन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
- चुनाव के बाद होली को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
3️⃣ मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध अभियान
अवैध मादक पदार्थ तस्करी एवं अफीम/पोस्ता की अवैध खेती के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
- NDPS Act की धारा-47 के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों को अवैध खेती की सूचना पुलिस को समय पर देने हेतु जागरूक करने पर बल दिया गया।
- आई-रेड (I-RAID) अभियान एवं पोस्ता विनिष्टीकरण की समीक्षा कर लंबित मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
4️⃣ अपराध समीक्षा एवं लंबित मामलों का निष्पादन
- जिले में हत्या, लूट, डकैती, दहेज हत्या, महिला अपराध, एससी/एसटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराध से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
- चार वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
- 17 फरवरी को एससी/एसटी एवं पॉक्सो मामलों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
- साक्ष्य संकलन, 11F(2) से संबंधित मामलों एवं अनुसंधान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
5️⃣ थाना स्तर पर जवाबदेही एवं जनसंपर्क
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने, जनता के साथ समन्वय स्थापित करने एवं पुलिस पर विश्वास को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि पर्व एवं नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या नियंत्रण कक्ष को दें




