पलामू के कमिश्नर ने परिवहन कार्यालय का किया निरीक्षण, अवैध बालू ढुलाई पर रोक का दिया आदेश
Palamu : प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने शुक्रवार को पलामू के जिला परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। आयुक्त ने राजस्व संग्रह, लंबित मामलों के निष्पादन, आम जनता को दी जा रही सुविधाओं तथा कार्यालय व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
आयुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने, बालू की अवैध ढुलाई की प्रभावी रोकथाम, वाहन निबंधन, कर वसूली, फिटनेस जांच एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने बकायेदार वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने सहित परिवहन कार्यालय की ओर से दी जाने वाली सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने कार्यालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए साफ- सफाई, अभिलेखों का संधारण एवं नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा के मद्देनज़र बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, स्पीड चेकर के माध्यम से ओवर स्पीड की जांच करने एवं बिना वैध कागजात वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर बल दिया।
आयुक्त ने हिट एंड रन, गुड सेमेरिटन, निलाम पत्र वाद, मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत संचालित हो रहे वाहनों की स्थिति, ड्राइविंग लाइसेंस को स्मार्ट कार्ड में परिवर्तन आदि की भी गहण समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों का परमिट जिस रूट के लिए निर्धारित है, उसका परिचालन संबंधित मार्गों से ही कराना सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त ने कहा कि एमवीआई को अब समन की शक्ति प्राप्त हो गई है। ऐसे में उन्हें राजस्व वृद्धि संबंधी कार्यो में तेजी लाने की आवश्यकता है। आयुक्त ने मेदिनीनगर के शहरी क्षेत्र में ऑटो एवं टोटो को मुख्य सड़क से खाली रखवाने, सड़क पर ही सवारी नहीं बैठाने देने का सख्त निर्देश दिया, ताकि सड़क जाम की स्थिति से निजात मिले।
आयुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




