बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान शुरू
Dhaka : बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान शुरू होते ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। राजधानी ढाका समेत देशभर में पोलिंग सेंटरों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा तैनाती बताई जा रही है।

ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल और कॉलेज में बने पोलिंग सेंटर पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइनें देखी गईं। केंद्र के बाहर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। प्रवेश से पहले जांच की जा रही है और केवल अधिकृत लोगों को ही अंदर जाने दिया जा रहा है। पुलिस और अर्धसैनिक बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
बांग्लादेश में मतदान के दौरान एक मतदाता ने पहली बार वोट डालने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया काफी आसान रही और मतपत्र को लेकर कोई दिक्कत नहीं हुई। मतदान केंद्र के अंदर नंबर के हिसाब से अलग कमरों में व्यवस्था की गई है, जिससे भीड़ और भ्रम नहीं हुआ। इंतजाम संतोषजनक बताए गए।
बांग्लादेश के मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि मतपत्र केवल सही पहचान के बाद जारी किए जा रहे हैं और कानून के मुताबिक गुप्त मतदान कराया जा रहा है। किसी भी विवाद का निपटारा तय कानूनी प्रक्रिया से होगा। उनके अनुसार करीब 330 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक और 160 से अधिक विदेशी पत्रकार चुनाव प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।




