
भाजपा स्थापना दिवस पर जनसंपर्क अभियान, डोरामी में ग्रामीणों ने जताया आभार
Latehar: बरवाडीह प्रखंड के मंगरा पंचायत अंतर्गत डोरामी गांव में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर “lग्राम चलो बस्ती चलो अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि दीपक राज उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के सार्वजनिक स्थल वट वृक्ष चबूतरा एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मिलकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि दीपक राज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना एवं आयुष्मान भारत योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों को इनके लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ना और उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान को और मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान केंद्र की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सरकार की नीतियों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी विजय सिंह ने किया। इस मौके पर भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार, जनता पाल, रामलाल तुरी, अजीत सिंह, नन्दलाल राम, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






