मनरेगा में भ्रष्टाचार के मामले पर प्रेस वार्ता के बाद से चर्चा में हैं सौरभ श्रीवास्तव

Rahul Kumar @ united palamu

लातेहार: जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में 16 जनवरी दिन शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता सौरभ श्रीवास्तव ने मनरेगा में कथित भ्रष्टाचार को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस प्रेस वार्ता के बाद से जिले में चर्चा का विषय बने हुए हैं सौरभ श्रीवास्तव।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मनरेगा योजनाओं में हुई अनियमितताओं से जुड़े कई गंभीर खुलासे किए।सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि अबुआ सरकार में मनरेगा में भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सरकार इस योजना को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारियों के प्राप्त होते ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। लातेहार में मनरेगा को लेकर उठाए गए सवाल और यह प्रेस वार्ता इस बात का प्रमाण है कि सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध गंभीर है।सौरभ ने खुलासा करते हुए कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि 55 जिलों में लगभग 302 करोड़ रुपये का मनरेगा घोटाला हुआ है। उन्होंने बताया कि लातेहार जिले की मोंगर और सीसी पंचायत में 600 टीसीबी योजनाएं स्वीकृत थीं, जिनमें से 10 प्रतिशत भी पूरी नहीं हुईं। कई मामलों में भूमिहीन लोगों के नाम पर राशि की निकासी की गई, जो गंभीर जांच का विषय है।उन्होंने गारू प्रखंड के कोटाम पंचायत का उल्लेख करते हुए कहा कि लातेहार निवासी कामिल हुसैन, सोमन प्रवीण, मासूम प्रवीण सहित कई लोगों के नाम पर संदिग्ध तरीके से लाभ दर्ज किया गया है।सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि मनरेगा में कार्यरत संविदा कर्मियों और परिसंपत्तियों में असामान्य वृद्धि भ्रष्टाचार की ओर इशारा करती है। इस संबंध में उन्होंने एसीबी और ईडी को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।एक अन्य खुलासे में उन्होंने बताया कि सीसी पंचायत में सोनू कुमार, जो पिछले वर्ष मई से जुलाई तक जेल में बंद थे, उनके नाम पर भी मनरेगा राशि की निकासी की गई, जो अत्यंत गंभीर मामला है।उन्होंने चंदवा प्रखंड की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि डाकघर कर्मी मनीष कुमार पर झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि मनोज मुंडा, सोमा मुंडा और तारा देवी के नाम पर फर्जी खाते खोलकर राशि की निकासी की गई।

अबुआ सरकार में मनरेगा भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: सौरभ श्रीवास्तव

सौरभ ने कहा कि झामुमो के कार्यकर्ता लगातार ऐसे मामलों को उठाते रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का लाभ सही लाभुकों तक पहुंचे।मनरेगा के वेंडरों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे कई वेंडर पंजीकृत हैं, जिनके पास न तो दुकान है और न ही कोई स्टॉक, इसके बावजूद फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये की हेराफेरी की जा रही है। इस मामले में भी वे जल्द ही एसीबी को पत्र लिखकर जांच की मांग करेंगे।उन्होंने कहा कि फर्जी जॉब कार्ड, बिचौलियों की सक्रियता और योजनाओं का जमीन पर नहीं उतरना मनरेगा की गंभीर समस्याएं हैं। सौरभ ने बताया कि उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(1) के तहत लातेहार के उपविकास आयुक्त एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से मनरेगा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी हैं। सूचनाएं प्राप्त होने के बाद वे पुनः प्रेस वार्ता कर तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे और कार्रवाई सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।प्रेस वार्ता के बाद संबंधित विभागों में खलबली मचनी तय मानी जा रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाओं के बाद प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है।मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार मनरेगा योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में झामुमो की पूरी टीम इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि घने जंगलों, पहाड़ों और दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले गरीब आदिवासी समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!