
महीनों से खाली है पाटन अंचल पदाधिकारी का पद, आम जनता परेशान
जमीन दलालों की गिरफ्त में आने लगा पाटन अंचल कार्यालय

Patan : पलामू जिले का पाटन अंचल कार्यालय सीओ विहीन है। पाटन अंचल में महीनों से अंचल पदाधिकारी का पद खाली है। पाटन में अंचल पदाधिकारी के नहीं रहने से यहां के लोगों का काम पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। एक ही अधिकारी के भरोसे प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय और सीडीपीओ ऑफिस है। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर अमित कुमार झा पदस्थापित हैं। श्री झा के माथे ही अंचल और सीडीपीओ कार्यालय है। कहने का मतलब यह है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ही अंचल पदाधिकारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के प्रभार में भी हैं। पाटन प्रखंड के दूरदराज के लोग जब अंचल कार्यालय अपना काम लेकर पहुंचते हैं तो उन्हें मालूम होता है कि साहब आज जिला मुख्यालय में मीटिंग में हैं। कभी जानकारी मिलता है कि साहब किसी जांच में गए हैं। इस कारण लोगों को अपना काम कराने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्वाभाविक भी है कि एक पदाधिकारी अगर तीन पदाधिकारी के प्रभार में रहेंगे तो काम तो प्रभावित होगा ही। जानकारी है कि पाटन अंचल कार्यालय में जमीन दलाल और बिचौलियों का दबदबा बढ़ता जा रहा है। यह दबदबा तत्कालीन अंचल पदाधिकारी लाल बाबू के समय में चरम पर था। इसके बाद कुछ कम हुआ। तत्कालीन अंचल पदाधिकारी राकेश श्रीवास्तव के समय में तो करीब-करीब जमीन दलाल और बिचौलिए अंचल कार्यालय छोड़ दिए थे। लेकिन अभी कुछ महीना से देखा जा रहा है कि पाटन अंचल कार्यालय में जमीन दलालों की सक्रियता काफी बढ़ी है। ऐसे अभी तक जमीन दलालों के गिरफ्त में प्रभारी अंचल पदाधिकारी नहीं आए हैं।




