
माघ मेला 2026 का शुभारंभ होते ही संगम तट पर दिखा आस्था का महासंगम
Prayagraj : प्रयागराज में माघ मेला 2026 का शुभारंभ होते ही संगम तट पर आस्था का महासंगम देखने को मिला। पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर पहले मुख्य स्नान के साथ ही इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन की औपचारिक शुरुआत हो गई। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। तड़के सुबह से ही संगम घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और हर ओर “हर-हर गंगे” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वायड (एटीएस) की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया है। माघ मेले को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। महाकुंभ मॉडल पर आधारित टेंट सिटी की तर्ज पर मेला क्षेत्र का विकास किया गया है। करीब 800 हेक्टेयर में फैले मेले में 126 किलोमीटर लंबे मार्ग चेकर्ड प्लेट से तैयार किए गए हैं। नावों पर एलईडी लाइट से सजी रंगीन छतरियां, संगम के जल में सात रंगों की रोशनी वाले फव्वारे और घाटों पर कलर-कोडेड चेंजिंग रूम रात के समय अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं।





