
मासूम के रंगकर्मियों को पलामू यूथ फाउंडेशन ने किया सम्मानित
Palamu : राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नाट्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर छह पुरस्कार जीतने के लिए पलामू यूथ फाउंडेशन के द्वारा शनिवार की रात रंगकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष पंडित प्रदीप नारायण ने की। उन्होंने कहा कि पलामू में कला संस्कृति के क्षेत्र में मासूम आर्ट ग्रुप हमेशा शानदार प्रदर्शन करती रही है। हाल ही में बिहार के डालमियानगर में आयोजित अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में छह पुरस्कार जीता गया है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर पलामू का मान बढ़ा है। इसके लिए सभी रंगकर्मी बधाई के पात्र है। पंडित नारायण ने कहा कि फाउंडेशन यह सम्मान कालकारों के उत्साहवर्धन के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि पलामू यूथ फाउंडेशन रंगकर्मियों के हित में सदैव खड़ा रहेगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक सह कलाकार योगेन्द्र मेहता ने कहा कि मासूम के साथियों के प्रयास से पलामू का नाम रौशन ही है, यह बहुत बड़ी बात है। रंगकर्मी सैकत चटर्जी ने कहा कि जिस तरह पलामू यूथ फाउंडेशन के द्वारा कलाकारों को सम्मानित किया गया है उससे सभी काफी आह्लादित है। संस्था के सदस्य सुनील कुमार यादव ने कलाकारों को शुभकामनाएं दी। धन्यवाद ज्ञापन वरीय रंगकर्मी मुनमुन चक्रवर्ती ने की। इस अवसर पर अमर कुमार भांजा, सिकंदर कुमार, अदनान कासिफ, उज्ज्वल सिन्हा, संजीत प्रजापति, राहुल कुमार, राज प्रतीक पाल, गिरेंद्र यादव, संजीव कुमार राम, मो नसीम, शहजादा तालिब आदि मौजूद थे।





