मेदिनीनगर में धूमधाम से मनाया गया रामनवमी का पर्व
Palamu : मर्यादा पुरुषाेत्तम भगवान श्री राम और वीर हनुमान के जयघोष के साथ पलामू में रामनवमी पूजा की धूम देखी गयी। शुक्रवार को दोपहर बाद रामनवमी जुलूस में विभिन्न झांकियां लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं कई अखाड़ों के लोग अस्त्र-शस्त्र के साथ करतब करते देखे गए। रामनवमी जुलूस को देखने के लिए लोगों की काफी भीड़ उमड़ी हुई थी।

वही शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र अपने हाथों में लिए जय श्रीराम, जय बजरंगबली, राम लखन जानकी जय हनुमान के गगनभेदी उद्घोष के साथ नाचते गाते एक दूसरे को राम जन्म उत्सव रामनवमी की बधाई दे रहे थे।इस दौरान जिला मुख्यालय सहित पूरे ग्रामीण क्षेत्रों में रामनवमी पूजा की धूम रही। जगह जगह शोभायात्राओं में राम भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा।
रामनवमी जुलूस के दौरान महावीर नवयुवक दल के पदाधिकारियों में काफी उत्साह देखा गया।रामनवमी जुलूस में शामिल महावीर नवयुवक दल के अध्यक्ष मंगल सिंह ने कहा कि रामनवमी के दिन भगवान राम एवं रुद्रावतार हनुमान की विशेष रूप से पूजा अर्चना की जाती है।इस दिन पुरुष एवं महिलाएं व्रत पर रहती है और भगवान राम का जन्मोत्सव मनाते हैं।भगवान राम को विष्णु का सातवां अवतार माना जाता है। जहां राम की पूजा होती है, वहां हनुमान की भी पूजा की जाती है।
उन्होंने कहा की चैत के शुक्ल पक्ष के दिन नवमी तिथि को महिलाएं कुमारी कन्याओं को भोजन कराती है।यह परंपरा एक लंबे अरसे से चली आ रही है।रामनवमी के अवसर पर कई शहरों में भव्य शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। इन यात्राओं में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां आकर्षण का केंद्र होती हैं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भजनों के साथ पूरे उत्साह से भाग लेते हैं। कई स्थानों पर रामायण के प्रसंगों का मंचन भी किया जाता है, जो लोगों को भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देते हैं।
वही रामनवमी पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर डीएसपी राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार,टीओपी वन प्रभारी इंद्रदेव पासवान, टीओपी 3 प्रभारी मंटू कुमार सिंह, ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र दुबे सहित शहर थाना के पुलिस पदाधिकारी और सैकड़ो की संख्या में पुलिस जवान मुख्य रूप से जुलूस में शामिल थे।




