
मेयर पद के लिए नम्रता त्रिपाठी ने किया नामांकन, कहा : इंदौर के तर्ज पर करूंगी मेदिनीनगर नगर निगम का विकास
Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने हजारों समर्थकों के साथ मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नम्रता के नामांकन में उमड़ी भीड़ इशारों ही इशारों में बहुत कुछ कह गया। नम्रता त्रिपाठी रेड़मा ठाकुरबाड़ी में पूजा अर्चना करने के बाद अपने हजारों समर्थकों के साथ शहर का भ्रमण करते हुए साहित्य समाज चौक के निकट कांग्रेस भवन के मैदान में पहुंची। यहां पर एक सभा की गई। सभा को संबंधित करते हुए नम्रता ने कहा कि निगम में जो नया क्षेत्र जुड़ा है, उसमें नागरिक सुविधाओं का घोर अभाव है। फिर भी इस क्षेत्र के लोगों से शुल्क लिया जा रहा है। अगर यहां के लोग नम्रता को जिताएंगे तो इन क्षेत्रों का तीव्र गति से विकास किया जाएगा, तब शुल्क लिया जाएगा। नम्रता ने कहा कि गर्मी के दिनों में पेयजल की कमी को दूर करने के लिए कोयल नदी का पानी स्टोर किया जाएगा। ऐसा करने से सालों भर शहरवासियों को निर्बाध गति से पेयजल की आपूर्ति होता रहेगा। यहां के लोगों को पेयजल के लिए तरसना नहीं पड़ेगा।

नम्रता ने कहा : खासमहाल की समस्या का होगा समाधान
नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि खासमहाल की समस्या से निजात दिलाया जाएगा। साथ ही शहर के सड़कों का चौड़ीकरण होगा। नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि इंदौर के तर्ज पर मेदिनीनगर निगर निगम का विकास होगा। जिस तरह से पूरे भारत देश में स्वच्छता के मामले में इंदौर का स्थान है, इसी तरह मेदिनीनगर नगर निगम का भी देश स्तर पर स्थान दिलाने के लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

इनकी रही मुख्य उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष विमला कुमारी, सुधीर चंद्रवंशी, दिलीप चंद्रवंशी, अरविंद पासवान, शत्रुघ्न कुमार शत्रु, जिशान खान, सलामुद्दीन खान, महेंद्र श्रीवास्तव, मिथिलेश सिंह, विनोद तिवारी, दीनानाथ तिवारी, विजय तिवारी, सुरेंद्र सिंह टिकैत, मुकेश सिंह, मुन्ना खान, रामाशीष पांडेय, अनिल सिंह, बिट्टू पाठक, सन्तोष शुक्ला, तेजी साव, रमेश भुईयां सहित कई लोग उपस्थित थे।




