मेयर प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने जारी किया संकल्प पत्र : 5 साल – 10 निश्चय
Palamu : मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने मंगलवार को रेड़मा स्थित अपने आवास पर अपना संकल्प पत्र जारी किया। मौके पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पलामू जिला कांग्रेस की अध्यक्ष विमला कुमारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीनानाथ तिवारी, कैसर जावेद, शत्रुघन कुमार शत्रु सहित कई लोग मौजूद थे। उन्होंने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि चौधराना बाजार शुल्क में सुधार किया जाएगा। चौधराना की दर ₹4 लागू किया जाएगा तथा पूर्व में किए गए शुल्क का समायोजन किया जाएगा। खासमहल की भूमि को फ्री होल्ड किया जाएगा। इसके लिए लंबित समस्याओं का समाधान कर नागरिकों को पूर्ण स्वामित्व अधिकार दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल हर घर तक पहुंचाया जाएगा। वैज्ञानिक वाटर सप्लाई मास्टर प्लान लागू कर हर वार्ड में स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा। सीवरेज एवं ड्रेनेज सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी। नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि जल जमाव से मुक्ति दिलाई जाएगी। एकीकृत ड्रेनेज नेटवर्क और आधुनिक ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोहरे टैक्स से राहत दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने 10 बड़े निश्चय पर काम करने का संकल्प व्यक्त किया।





