
रांची डीसी ने जनता दरबार में ऐसा जादू दिखाया कि दबे-कुचले, गरीब और निरीह लोग मुस्कुराते हुए पहुंचे अपना घर
ग्रामीणों की शिकायत पर रांची जिले के कई अंचल अधिकारियों को डीसी ने लगाई फटकार, किया कड़ी कार्रवाई
Ranchi : रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा आयोजित जनता दरबार एक बार फिर आमजन के लिए त्वरित न्याय और संवेदनशील प्रशासन का सशक्त मंच साबित हुआ। जनता दरबार में अपनी फरियाद को लेकर कई दबे-कुचले, गरीब और निरीह लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने ऐसा जादू की छड़ी चलाया कि ये सभी मुस्कुराते हुए अपना घर पहुंचे। जनता दरबार में एक ओर जहां 3 वर्षों से दखल दिहानी के लिए परेशान दंपत्ति को समाधान मिला, वहीं दूसरी ओर निराश्रित महिला के चेहरे पर मुस्कान लौटी। अनिल उरांव और नीलम उरांव जनता दरबार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री से मिलने के लिए रुके। शाम में उनकी मुलाकात डीसी से हुई। दंपत्ति ने मिलकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को धन्यवाद दिया। ये दोनों तीन साल से हेहल अंचल के हेसल मौजा में अपनी जमीन पर दखल दिहानी के लिए प्रयासरत थे। पूर्व में जनता दरबार के दौरान उपायुक्त द्वारा दखल दिहानी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे, जिसका अनुपालन हुआ और दखल दिहानी के बाद दंपत्ति ने उपायुक्त को धन्यवाद दिया। जिले के सुदूरवर्ती लापुंग प्रखण्ड से जनता दरबार में पहुँचीं 50 वर्षीय दौलेत कुमारी जब लौटीं, तो उनके चेहरे पर संतोष की मुस्कान और हाथ में पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र था।दौलेत कुमारी ने उपायुक्त को बताया कि वो अकेली हैं, उनके पास हरा राशन कार्ड है। उन्हें किसी प्रकार की पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये। कुछ ही समय में पेंशन स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर आवेदिका को प्रमाण-पत्र प्रदान कर दिया गया।
जमीन से संबंधित कागजात है तो जनता दरबार में आकर दिखाएं
जनता दरबार में जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों को लेकर उपायुक्त का सख्त रुख देखने को मिला। ईटकी अंचल के कल्याण लकड़ा एवं सुनील लकड़ा द्वारा भूदान से प्राप्त जमीन पर भू-माफियाओं के अवैध कब्जे की शिकायत की गई। प्रस्तुत दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए ईटकी अंचलाधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि आवेदकों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि यदि दूसरे पक्ष के पास कोई वैध कागजात हैं, तो वे जनता दरबार में उपस्थित होकर प्रस्तुत करें।
दाखिल-खारिज में देर करने पर अंचल अधिकारी को फटकार
जनता दरबार के दौरान जिले के विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे, ताकि शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी त्वरित रूप से प्राप्त हो सके। सिल्ली अंचल की अष्टमी देवी द्वारा दाखिल-खारिज से संबंधित मामले में उपसमाहर्ता भूमि-सुधार के न्यायालय से प्राप्त आदेश के बावजूद विलंब होने पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अंचलाधिकारी को फटकार लगाते हुए शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिये।
हेहल सीओ को शोकॉज, प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रातू रोड, पिस्का मोड़ नीलांचल कोठी रोड में आदेश के बावजूद अवैध अतिक्रमण नहीं हटाने को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी को शोकॉज़ और प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया गया।
डीसी ने कहा : पूरी तरह से कर्मचारी की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें अंचल अधिकारी
दाखिल-खारिज, दोहरी जमाबंदी, पंजी-2 में सुधार तथा अन्य राजस्व मामलों पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिये कि सभी अंचलाधिकारी केवल कर्मचारियों की रिपोर्ट पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं भी फील्ड विजिट कर मामलों का नियमसंगत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।





