राज्यपाल ने चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल के पोस्टर का किया विमोचन

Ranchi : रांची के लोकभवन में राज्यपाल संतोष गंगवार ने चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, क्षेत्र प्रचारक रामनवमी, विभाग संपर्क प्रमुख भानु जालान, महानगर प्रचार प्रमुख स्निग्ध रंजन, चित्रपट झारखंड के अध्यक्ष नंद कुमार सिंह तथा कोषाध्यक्ष सुमित मित्तल सहित अन्य लाेग उपस्थित रहे।

चित्रपट झारखंड की ओर से आयोजित यह फिल्म महोत्सव आगामी 26, 27 एवं 28 जून 2026 को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर, टाटीसिल्वे, रांची में आयोजित किया जाएगा। इस फिल्म महोत्सव का मुख्य उद्देश्य झारखंड के युवा फिल्म निर्माताओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से झारखंड के फिल्मकार अपनी कला के जरिए राज्य की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकेंगे। साथ ही, यह आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी करेगा।

इस फिल्म महोत्सव में केवल झारखंड राज्य के फिल्म निर्माता ही अपनी फिल्में जमा कर सकते हैं। प्रतियोगिता में फिल्मों की तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें लघु फिल्म (अधिकतम 20 मिनट) वृत्तचित्र (अधिकतम 30 मिनट) और परिसर फिल्म (अधिकतम 15 मिनट, इसमें केवल लघु फिल्म ही मान्य होगी) पंजीकरण शुल्क लघु फिल्म के लिए 500, वृत्तचित्र के लिए 500 और परिसर फिल्म के लिए 250 रुपये निर्धारित है।

विद्यार्थियों के लिए विशेष रियायत के तहत वे किसी भी श्रेणी में मात्र 250 शुल्क देकर अपनी फिल्म जमा कर सकते हैं। झारखंड में बोली जाने वाली सभी भाषाओं में फिल्में स्वीकार की जाएंगी। हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त अन्य भाषाओं की फिल्मों के लिए हिंदी अथवा अंग्रेजी में उपशीर्षक अनिवार्य होगा। बताया गया कि फिल्मों के लिए 12 विषय निर्धारित किए गए हैं। इसमें झारखंड का इतिहास, जनजातीय समाज, ग्राम विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण, सामाजिक समरसता, युवा और नशामुक्ति, नागरिक कर्तव्य, खेल और प्रतिभा, पलायन, डिजिटल भारत व तकनीकी परिवर्तन और भ्रष्टाचार और पारदर्शिता शामिल है। आयोजन समिति की ओर से यह भी निर्धारित किया गया है कि केवल एक जुलाई 2023 के बाद निर्मित फिल्में ही मान्य होंगी। फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि रविवार, 7 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयनित फिल्मों की सूची 15 जून 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

इस फिल्म महोत्सव में कुल 2,70,000 का नकद पुरस्कार रखा गया है। यह आयोजन झारखंड के युवाओं के लिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!