
रेडवर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के संचालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो: रविडे
लातेहार: झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हाल ही में हुए एयर एंबुलेंस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में सात लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखद है और इसके लिए रेडवर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के संचालक पूरी तरह जिम्मेदार हैं।रवि कुमार डे ने आरोप लगाया कि दुर्घटनाग्रस्त एयर एंबुलेंस लगभग 40 वर्ष पुराना था तथा पिछले चार वर्षों से उसने कोई उड़ान नहीं भरी थी, जिससे विमान की तकनीकी स्थिति पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विमान में ब्लैक बॉक्स का नहीं होना बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि कंपनी की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण ही लोकप्रिय चिकित्सक डॉ. विकास, कैप्टन विवेक भगत, पायलट सबरजीत सिंह, संजय साव, अर्चना देवी, संजय के भांजे तथा एक नर्सिंग स्टाफ को अपनी जान गंवानी पड़ी।रवि कुमार डे ने रांची से दिल्ली के लिए शाम 7 बजे उड़ान भरने से लेकर चतरा के पास लगभग साढ़े 7 बजे हुए हादसे तक की पूरी प्रक्रिया की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने हादसे में अपने माता-पिता को खो चुके मासूम शुभम और शिवम को न्याय दिलाने की अपील की।उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





