
लातेहार में कड़कती ठंढ से जनजीवन बेहाल, जिला प्रशासन की ओर से अलाव की कोई व्यवस्था नहीं
Sanjay prajapati @ united palamu

लातेहार: जिले में कड़ाके की ठंढ ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शीतलहर और गिरते तापमान के कारण लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन की ओर से अब तक शहर के किसी भी प्रमुख स्थान, चौक-चौराहों या सार्वजनिक जगहों पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।ठंढ से परेशान लोगों की मदद के लिए शहर के कई व्यवसायियों ने आज शाम को स्वयं आगे बढ़कर निजी खर्च से लकड़ी की व्यवस्था कर अलाव जलाने का इंतज़ाम किया है।व्यवसायियों का कहना है कि प्रशासन की जिम्मेदारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण उन्हें मानवता के नाते यह कदम उठाना पड़ा।व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वह जल्द से जल्द शहर के प्रमुख इलाकों, बस स्टैंड, बाजार, चौक-चौराहों और जरूरतमंद स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था कराए, ताकि ठंढ से राहत मिल सके और गरीब, बुजुर्ग व राहगीरों को परेशानी से बचाया जा सके।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र प्रशासनिक स्तर पर पहल नहीं की गई तो ठंढ से बीमारियों और अन्य समस्याओं का खतरा और बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।




