
लातेहार में तपोवन पार्क का उद्घाटन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया ऑनलाइन लोकार्पण
Rahul Kumar @ united palamu
लातेहार:झारखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह के अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत तपोवन, लातेहार का उद्घाटन आज किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची से ऑनलाइन माध्यम से तपोवन का लोकार्पण किया।

वहीं चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने स्थल पर फीता काटकर तपोवन पार्क का विधिवत उद्घाटन किया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि तपोवन पार्क शहरवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी लोग इस पार्क को स्वच्छ, सुंदर एवं संरक्षित बनाए रखने में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक एवं प्राकृतिक वातावरण भी उपलब्ध कराएगा।इस अवसर पर वन विभाग एवं जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से परितोष उपाध्याय (प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यप्राणी एवं मुख्य वन्यप्राणी प्रतिपालक, झारखंड), यतीन्द्र कुमार दास (उप प्रधान मुख्य वन संरक्षक, विकास, झारखंड), एस. आर. नटेश (क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, पलामू),उत्कर्ष गुप्ता (उपायुक्त, लातेहार), प्रवेश अग्रवाल (वन प्रमंडल पदाधिकारी, लातेहार), कुमार गौरव (पुलिस अधीक्षक, लातेहार), पूर्व वन प्रमंडल पदाधिकारी रौशन कुमार, नंदकुमार महतो (वन क्षेत्र पदाधिकारी, लातेहार वन प्रक्षेत्र) सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।

तपोवन पार्क का उद्घाटन कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित करते हुए
तपोवन पार्क के उद्घाटन से लातेहार शहर को एक नया पर्यावरणीय एवं पर्यटन केंद्र मिला है, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और लोगों को प्रकृति से जुड़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।




