
लातेहार में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत फुटबॉल टूर्नामेंट संपन्न
लातेहार: जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस खेल आयोजन ने न केवल युवाओं की प्रतिभा को मंच दिया बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने का भी कार्य किया।यह टूर्नामेंट लातेहार सदर प्रखंड के नेवाड़ी पंचायत स्थित तूवेद मैदान तथा गारू प्रखंड के +2 उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह देखने लायक था।आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मैच देखने पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। गारू प्रखंड के धनगरटोला और रूद टीम के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच बराबरी की स्थिति बनी रही, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट के जरिए हुआ। इस रोमांचक मुकाबले में धागरटोला टीम ने 4-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं लातेहार में आयोजित प्रतियोगिता में ग्राम नेवाड़ी की टीम विजेता रही।समापन समारोह में विजेता टीम के खिलाड़ियों को लातेहार सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, एसआई राहुल कुमार, एसआई रबिंद्र महली, एसआई तिवारी, मुखिया अमरेश उरांव तथा समाजसेवी बिनोद सिंह के द्वारा सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को खस्सी , ट्रॉफी, मेडल एवं खेल किट प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।इस अवसर पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने कहा की इस प्रकार के खेल आयोजन से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के साथ जुड़कर युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना भी है।वहीं मुखिया अमरेश उरांव ने अपने संबोधन में कहा की गांव स्तर पर इस तरह के आयोजन से प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच समन्वय का यह एक अच्छा उदाहरण है। जिससे समाज में एकता और भाईचारा मजबूत होता है।टूर्नामेंट में कारवाई और कोटाम की टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और खेल भावना का विशेष ध्यान रखा गया। जिससे प्रतियोगिता शांतिपूर्ण एवं सफल रही।





