
लातेहार व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का हुआ आयोजन 16,500 मामलों का निष्पादन, 4.26 करोड़ रुपये का सेटलमेंट
लातेहार:व्यवहार न्यायालय लातेहार में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेष नाथ सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। लोक अदालत के लिए कुल सात बेंच का गठन किए गए। इन बेंचों में विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई कर समझौते के आधार पर 16 हजार 500 मामलों का निष्पादन किया गया। इसमें करीब 4 करोड़ 26 लाख रुपए का सेटलमेंट हुआ। मोटर दुर्घटना से जुड़े छह मामलों का 53 लाख रुपए में निपटारा किया गया, जिससे 11 लोग लाभान्वित हुए। बिजली विभाग से जुड़े 119 मामलों का भी निष्पादन किया गया, जिसमें 93 लोगों को लाभ मिला। इसके अलावा चेक बाउंस के 17 मामलों में 12 लाख 50 हजार रुपए का सेटलमेंट किया गया। वहीं उपभोक्ता फोरम, बैंक व अन्य कंपाउंडेबल मामलों सहित बड़ी संख्या में मामलों का निपटारा किया गया। जेएसएलपीएस के तहत कार्यरत 46 सखी मंडलों को 46 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। पीडीजे शेष नाथ सिंह ने चेक लेने वाले महिलाओं को राशि का सही उपयोग करने, बच्चों की शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने की सलाह दी। मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय सैयद सलीम फारमी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय संजय कुमार दुबे, सीजेएम विक्रम आनंद, एसडीजेएम कुमारी जीव, सिविल जज तृतीय मीनाक्षी मिश्रा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शिवम चौरसिया, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल समेत बार एसोसिएशन के सदस्य, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी व बड़ी संख्या में वादकारी मौजूद थे।





