लातेहार: सत्यम-शिवम-सुंदरम कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने नगर प्रशासक पर लगाया गंभीर आरोप, उपायुक्त को दिया आवेदन

Sanjay prajapati @ United Palamu

Latehar : नगर पंचायत अंतर्गत कोर्ट गेट के सामने स्थित सत्यम-शिवम-सुंदरम कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों ने नगर प्रशासक पर मनमानी और धमकी के गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों ने इसको लेकर उपायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि यह कॉम्प्लेक्स नगर पंचायत लातेहार द्वारा लगभग 15 वर्ष पूर्व निर्मित किया गया था। उस समय दुकानदारों के साथ किए गए एग्रीमेंट में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि दुकान का किराया प्रत्येक पांच वर्ष में दुकानदारों की सहमति से ही बढ़ाया जाएगा। दुकानदारों के अनुसार बीते वर्षों में किराया बढ़ाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। इसलिए किराया यथावत रहा। अब 15 वर्ष पूर्ण होने के बाद जब एग्रीमेंट का रिन्यूअल किया जाना है, तो नगर प्रशासक द्वारा विगत वर्षों का बढ़ा हुआ किराया मौखिक रूप से वसूलने का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर दुकानों को सील करने, ताला लगवाने तथा एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दिए जाने का भी आरोप दुकानदारों ने लगाया है।दुकानदारों का कहना है कि भय के माहौल में कुछ दुकानदारों से पिछला बकाया जमा करा लिया गया और रिन्यूअल के नाम पर बिना एग्रीमेंट की प्रति दिए, बिना पढ़ाए जबरन हस्ताक्षर कराए गए। पूछताछ करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। दुकानदारों ने बताया कि वे सभी पहले ठेला-खोमचा लगाकर जीवनयापन करते थे। उनकी मजबूरी को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था, जिसमें निर्माण के समय दुकानदारों से डिपॉजिट राशि भी ली गई थी।

दुकानदारों का आरोप : धमकी देते हैं नगर प्रशासक और मानसिक रूप से करते हैं प्रताड़ित

दुकानदारों ने उपायुक्त को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि नगर प्रशासक राजीव रंजन द्वारा लगातार धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। सभी दुकानदार रोज कमाने-खाने वाले हैं और इस तरह की कार्रवाई से उनका जीवनयापन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उपायुक्त को आवेदन देने वालों में चंद्रशेखर आज़ाद, मो. इरफान अंसारी,संतोष कुमार,रियाजुल अंसारी,नवल प्रसाद,प्रदीप ठाकुर,दिलीप कुमार ठाकुर संदीप कुमार सहित कई दुकानदारों का नाम शामिल है।

नगर प्रशासक के तानाशाही रवैए से परेशान हैं शहर के दुकानदार : अमित पांडेय

आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष अमित पांडे ने कहा कि नगर प्रशासक के तानाशाही रवैये से दुकानदार त्रस्त हैं। दुकानों के एग्रीमेंट का रिन्यूअल होना है, लेकिन अब तक बोर्ड की बैठक नहीं हुई है। सरकारी आदेश के अनुसार बोर्ड की बैठक के बाद ही राशि बढ़ाने का निर्णय लिया जा सकता है, लेकिन रिन्यूअल के समय बिना पूर्व सूचना के नोटिस जारी कर दुकानदारों से पैसे की मांग की जा रही है, जो पूरी तरह गलत है।

क्या कहते हैं नगर प्रशासक ?

इस मामले में नगर प्रशासक राजीव रंजन ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल कुछ भी कहना संभव नहीं है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!