
वनपाल परमजीत तिवारी की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी,बारेसांड में दो सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू
गारु : बारेसांढ वन क्षेत्र में वन विभाग की सजगता और वनपाल परमजीत तिवारी की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। बृस्पतिवार को अलग-अलग स्थानों पर निकले दो सांपों का सफलतापूर्वक सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में फैला भय दूर हो सका।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे पहले रामसेली गांव में सांप निकलने की सूचना स्थानीय ग्रामीण रंजीत प्रसाद ने वनपाल परमजीत तिवारी को दी। सूचना मिलते ही वनपाल महज 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए और पूरी सावधानी के साथ सांप को पकड़कर पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।इस घटना के करीब 15 मिनट बाद ही दूसरी सूचना बारेसांढ स्कूल से मिली, जहां कुछ बच्चे घबराए हुए रेंज कार्यालय पहुंचे और स्कूल परिसर में सांप देखे जाने की जानकारी दी। वनपाल परमजीत तिवारी बिना देर किए मात्र 5 मिनट के भीतर स्कूल पहुंच गए और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद सांप स्कूल भवन के ऊपर कंडी में बने बिल में छिप गया।स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वनपाल ने अपनी रेस्क्यू किट स्कूल के प्रधानाध्यापक को सौंपते हुए निर्देश दिया कि सांप के दोबारा दिखने पर तुरंत सूचना दी जाए। उनके इस कदम से बच्चों और शिक्षकों के बीच फैला डर काफी हद तक कम हो गया।इस पूरी घटना में वनपाल परमजीत तिवारी की तत्परता, साहस और जिम्मेदारी की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर वन विभाग की टीम नहीं पहुंचती, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।वन विभाग की इस सक्रियता और सेवा भावना के लिए पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।





