
शांति व सौहार्द के साथ मनाएं होली : थाना प्रभारी
Latehar: बारियातु थाना परिसर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी कोकिला कुमारी ने की। इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद रवानी, प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी, उप प्रमुख निशा शाहदेव, सभी मुखिया, विधायक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।बैठक में त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने तथा होलिका दहन निर्धारित स्थलों पर ही करने पर जोर दिया गया। प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। अध्यक्षता कर रहीं कोकिला कुमारी ने कहा कि होली आपसी प्रेम व भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए रंग-गुलाल के दौरान किसी प्रकार का विवाद न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद रवानी ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। हुड़दंग करने वालों व अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी रंजन पासवान ने भी लोगों से शांति व भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने शांतिपूर्ण होली मनाने का आश्वासन दिया।





