संत मरियम विद्यालय परिवार ने महिला कर्मी अंजू की बेटी प्रिया की कराई शादी
बेटी की विदाई ने भावुक कर दिया, जैसे अपने घर की बेटी को विदा किया हो : अविनाश देव
Palamu : सामाजिक संवेदना और अपनत्व की सुंदर मिसाल पेश करते हुए संत मरियम विद्यालय परिवार ने अपनी महिला कर्मी अंजू की बेटी प्रिया की शादी पूरे सम्मान और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराई। मेदिनीनगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर, कोयल तट पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस विवाह समारोह में विद्यालय परिवार के सदस्य अभिभावक की भूमिका में नजर आए और शादी की हर व्यवस्था में सक्रिय रूप से शामिल रहे।जानकारी के अनुसार, अंजू संत मरियम विद्यालय की सबसे पुरानी कर्मियों में से एक हैं और लंबे समय से विद्यालय परिवार का हिस्सा रही हैं। प्रिया उनकी इकलौती बेटी है। प्रिया के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में उसका कोई भाई-बहन भी नहीं है। ऐसे में, बेटी की शादी की पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन ने अपने कंधों पर उठाई और पूरे स्नेह के साथ विवाह समारोह का आयोजन कराया।प्रिया का विवाह लातेहार निवासी बिट्टू कुमार के साथ संपन्न हुआ।

विवाह के बाद जब विदाई का समय आया, तो माहौल भावुक हो गया। विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने बताया कि विदाई के समय प्रिया उनसे लिपटकर रोने लगी, जिसे देखकर वे भी खुद को संभाल नहीं सके और उनकी आंखें नम हो गईं। अविनाश देव ने कहा कि प्रिया को उसके सपनों के सौदागर के साथ विदा किया। यह पल मेरे लिए बेहद भावुक था। पिछले करीब बीस वर्षों से उसे अपनी आंखों के सामने बढ़ते देखा है। आज उसे विदा करते हुए ऐसा लगा, जैसे अपने ही घर की बेटी को विदा कर रहा हूं।
अविनाश देव ने कहा : हम दिल से प्रिया और बिट्टू के सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से अपील करते हुए कहा कि यदि हम अपने सहकर्मियों के सामाजिक और पारिवारिक कार्यों में सहयोग करें, तो इससे समाज में आपसी अपनापन और विश्वास और भी मजबूत होगा।




