सड़क दुर्घटना में पड़वा थाना क्षेत्र के टाड़पतरा निवासी की मौत
बाइक को टक्कर मारने के बाद लूना से भिड़ी कार; मृतक बेटी के घर से लौट रहा था, घायलों का इलाज जारी
Palamu : पलामू जिले के तरहसी-जगतपुरवा मुख्य सड़क पर शाहद के पास गुरुवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा बाइक, टीवीएस XL सुपर (लूना) और एक अज्ञात कार के बीच हुई टक्कर के कारण हुआ।मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के टाड़ पतरा निवासी 55 वर्षीय दुर्गा महतो के रूप में हुई है। वहीं घायलों में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सरेहवा गांव निवासी संदीप कुमार (22) और प्रकाश कुमार (20) शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप और प्रकाश बाइक से तरहसी बाजार से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही टीवीएस XL सुपर से जा टकराई।इस भीषण टक्कर में लूना चालक दुर्गा महतो की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया।जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि दुर्गा महतो अपनी बेटी के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और लूना को जब्त कर लिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।




