
सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत चंदवा में फैंसी क्रिकेट मैच का किया गया आयोजन
Rahul Kumar @ united palamu

Latehar: सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज चंदवा सिकनी खेल मैदान में फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने का संदेश जन-जन तक पहुँचाना था। मैच के दौरान उपस्थित दर्शकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों द्वारा सड़क सुरक्षा की प्रतिज्ञा ली गई, जिसमें सुरक्षित वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने आम नागरिकों से अपील की कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएँ,दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें,चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें,
ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग, हिट एंड रन जैसी घटनाओं से बचें,गुड समेरिटन कानून के बारे में जागरूक रहें और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करें।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर ही हम अपने जीवन को सुरक्षित रख सकते हैं। इस तरह के आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।




