
हुसैनाबाद : शहरी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नदारद, नगर पंचायत अध्यक्ष का सख्त रुख, कार्रवाई की मांग
Palamu : नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। अम्बेडकर चौक के समीप स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही सामने आने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार किए गए निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र पर न तो डॉक्टर मौजूद थे, न एएनएम और न ही पैथोलॉजी कर्मी उपस्थित पाए गए। मौके पर केवल एक स्टाफ सदस्य मौजूद था, जो अनुपस्थित कर्मियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस स्थिति को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय कर्मियों की अनुपस्थिति से हुसैनाबाद नगर पंचायत की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पलामू को लिखे पत्र में अनुपस्थित कर्मियों को हटाने तथा उनके स्थान पर नए डॉक्टर, एएनएम और पैथोलॉजी स्टाफ की शीघ्र पदस्थापना करने की मांग की है।
अजय कुमार भारती ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं किया गया, तो आम जनता के हित में आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।




