हैदरनगर : ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत, रेलवे लाइन के किनारे मिला शव
Palamu : हैदरनगर थाना क्षेत्र में पूर्व मध्य रेल के बीडी रेल खंड पर कोसियारा और हैदरनगर स्टेशन के बीच एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने देखा कि रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा हुआ है। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। यह घटना पोल संख्या 355/5 से 355/7 के बीच, कोसियारा स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को लापता व्यक्ति की जानकारी हो तो थाना से संपर्क करें।




