अफवाहों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं, पश्चिम एशिया संघर्ष पर बोले प्रधानमंत्री मोदी
Trichi (Keral) : प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन भारत की सरकार हर परिस्थिति में ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति पर काम करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है और केवल सही तथा सत्यापित जानकारी ही फैलानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि एक राष्ट्र के रूप में हम हर स्थिति का सफलतापूर्वक सामना करेंगे।

पीएम मोदी ने दावा किया कि राज्य में बदलाव की इच्छा तेजी से बढ़ रही है और जनता अब डीएमके सरकार को हटाने का मन बना चुकी है। उनके अनुसार लोग ऐसी सरकार चाहते हैं जो हर परिवार के लिए काम करे, न कि केवल एक परिवार के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके शासन में सत्ता एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। मंत्री और विधायक बदलते रहते हैं, लेकिन असली ताकत उसी परिवार के पास रहती है। उन्होंने डीएमके पर ‘वैज्ञानिक भ्रष्टाचार मॉडल’ चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु को एक परिवार का एटीएम बना दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने तिरुची जिले से जुड़े कथित ‘कैश-फॉर-जॉब’ घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि जब नौकरियां पैसे लेकर बेची जाती हैं तो गरीब और मध्यम वर्ग के युवाओं के सपने टूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में होने वाला भ्रष्टाचार अंत में एक ही परिवार तक पहुंच जाता है। इसके साथ ही उन्होंने अवैध रेत खनन को लेकर भी डीएमके सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इससे नदियों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है।




