असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तेज की अपनी तैयारी
Dispur : असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. जिसको लेकर पार्टी ने 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. साथ ही 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ दी हैं. इससे पहले कांग्रेस 42 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है, जिसे मिलाकर अब तक पार्टी की ओर से कुल 65 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं.वहीं गठबंधन की राजनीति को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों के लिए 15 सीटें छोड़ी हैं, जिससे राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस ने जो सीट सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं उनमें प्लासबारी, गुवाहाटी सेंट्रल, मोरीगांव, गोरेश्वर और ब्रह्मपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं. असम में विधानसभा की कुल 126 सीट हैं।

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 23 उम्मीदवारों को दूसरी सूची जारी की, जिसमें पूर्व सांसद अब्दुल खालिक समेत प्रदेश इकाई के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं.इसके साथ ही पार्टी ने 15 सीट सहयोगी दलों के लिए छोड़ने का निर्णय लिया.पार्टी ने तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई का नाम भी शामिल था, जिन्हें जोरहाट से टिकट दिया गया है. पार्टी अब तक कुल 65 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है.
बता दें कि जल्द ही 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान हो सकता है. चुनाव आयोग की टीम सभी 5 चुनावी राज्यों का दौरा खत्म कर चुकी है. सूत्रों के मुताबिक रविवार या सोमवार को चुनाव आयोग 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम सभी राज्यो में जाकर चुनाव की तैयारियों का जायजा ले चुकी है. सबसे पहले आयोग की टीम असम और सभी आखिरी में पश्चिम बंगाल गई थी.




