आंधी-तूफान के कारण दो घंटे तक कोलकाता में लैंड नहीं कर सका अमित शाह का विमान
Kolkatta : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। वह देर रात कोलकाता पहुंचे। हालांकि कोलकाता पहुंचने से पहले मौसम की वजह से अमित शाह की लैंडिंग में समस्याओं का सामना करना पड़ा। दरअसल, कोलकाता शहर और उसके बाहरी इलाकों में शुक्रवार आधी रात आए आंधी-तूफान के कारण अमित शाह के विमान को एयरपोर्ट पर उतरने में दो घंटे की देरी हुई। एयरपोर्ट के सूत्रों ने इस बारे में जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से गृह मंत्री अमित शाह को लेकर आ रहे विशेष विमान को रात 11 बजकर 46 मिनट पर उतरना था। हालांकि, ‘काल बैसाखी’ के प्रभाव से तेज बारिश और बिजली चमकने के कारण विमान को नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों के हवाई क्षेत्र में कुछ समय तक चक्कर लगाना पड़ा। आखिरकार विमान देर रात एक बजकर 46 मिनट पर उतरा। अमित शाह रात करीब दो बजे काफिले के साथ एयरपोर्ट से शहर के एक होटल के लिए रवाना हुए।
कोलकाता में बीजेपी के प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह का होटल में स्वागत किया। एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने बताया कि अमित शाह रात 10 बजकर 46 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुए थे।
इससे एक दिन पहले ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। वह अण्डाल से आ रही थीं, जबकि गुरुवार को आंधी-तूफान के कारण उनका विमान करीब एक घंटे तक कोलकाता एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका था। हालांकि बाद में मौसम में सुधार होने पर विमान को उतारा गया।



