
आंधी-बारिश से सड़क पर गिरा पेड़, पिंटू रजक ने बहाल कराया आवागमन
लातेहार: जिले में हुई तेज आंधी और बारिश के कारण औरंगा नदी के समीप लातेहार-मोंगर मुख्य पथ पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं समाजसेवी पिंटू रजक अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों की मदद से सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को हटाकर रास्ता साफ किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।वहीं, किनामार स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप मोंगर रोड पर सागवान का एक पेड़ गिरने से सड़क कुछ घंटों के लिए बाधित रही। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पेड़ को हटाया गया, जिसके पश्चात आवागमन पुनः सामान्य हो सका।स्थानीय लोगों ने पिंटू रजक और उनकी टीम के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की। लोगों का कहना था कि यदि समय पर पहल नहीं होती, तो घंटों तक आवागमन बाधित रहता।





