उपायुक्त की अध्यक्षता में आगामी पर्व के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु शांति समिति की बैठक हुई संपन्न

आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व में विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूरी चौकसी रखेंउपायुक्त

● 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 एवं साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर कॉल कर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में दें सूचना

लातेहार:आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था संधारण हेतु उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएं रखने की आवश्यकता है। साथ ही हमें विशेष एहतियात एवं निगरानी बरतने की आवश्यकता है, ताकि शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में आगामी त्योहारों को संपन्न कराया जा सके।आगे उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में एक साथ कई त्योहार हैं। ईद, सरहुल और रामनवमी का त्योहार है। सभी त्योहार में शांति बनाये रखने में सहयोग करें।उपायुक्त ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को रामनवमी पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूरी चौकसी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमण्डल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारियों को रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक तथा फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी तथा पर्याप्त पुलिस बल प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान यदि किसी शरारती तत्व द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने की कोशिश की गई, तो उसके विरुद्ध कड़ी कारवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।उन्होंने निर्देशित किया कि विधि व्यवस्था से संबंधित छोटी-बड़ी सभी घटनाओं के बारे में जिला नियंत्रण कक्ष एवं वरीय पदाधिकारियों को अविलम्ब सूचना दें।बैठक में उपायुक्त द्वारा दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक जुलूस आयोजकों से समन्वय स्थापित कर लें कि जुलूस निर्धारित रूट से ही निकाली जाएगी। और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी अपने स्तर से रूट का भी जांच कर लें।उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को रामनवमी जुलुस निकाले जाने के दौरान बिजली से संबंधित दुर्घटना के रोकथाम हेतु बिजली काटने का निर्देश दिया।बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न पूजा एवं जुलूस समितियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों और जिले के गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद किया।इस दौरान उपायुक्त ने झारखण्ड उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी आयोजकों/समितियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील है कि पर्व एवं त्योहारों के दौरान निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों को SOP के प्रावधानों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस एवं शोभायात्राओं के दौरान निकाले जाने वाले झंडों, वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम (डीजे) तथा झांकियों की अधिकतम ऊंचाई 4 मीटर (13 फीट) से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह नियम सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है तथा इसका उल्लंघन करने पर संबंधित आयोजकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से समन्वय स्थापित कर प्रशासन का सहयोग करने तथा जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर की जाएगी कड़ी करवाई–पुलिस अधीक्षक

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कहा कि आगामी पर्व में किसी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या नहीं हो इसके लिए पूर्व से तैयारी करने की आवश्यकता है। जिला, अनुमंडल, प्रखण्ड स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक्टिव रहने का निदेश दिया, ताकि सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाया जा सकें। उन्होंने अंचल अधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी को रामनवमी के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु पूर्व में ही जुलुस के रूट मुआयना करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक सद्भाव में विघ्न उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरूद्ध विधिसम्मत प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आगे उन्होंने कहा कि साइबर सेल 24 घंटे सोशल मीडिया की निगरानी कर रहा है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिले स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम नंबर 06565–247981 पर अथवा कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 08987796308 पर कॉल कर सूचना को साझा किया जा सकता है। साथ ही साईबर सेल के मोबाइल नंबर 6206159795 पर अथवा 112 पर कॉल कर सूचना साझा कर सकते हैं।उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलुस के दौरान अभद्र गाने न बजाये इसके लिए डीजे संचालक से बॉन्ड भरवा लें। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरा की भी व्यवस्था रहेगी। सभी थाना तैयारी के साथ-साथ सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रखें। उन्होंने सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी एवं गश्ती करने का निर्देश दिया।बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ बिपिन कुमार दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, मनिका विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, जिला स्तरीय पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, जिले के प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!