
कर्नाटक व तमिलनाडु में भीषण सड़क दुर्घटना, 20 लोगों की मौत
New Delhi : कर्नाटक में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में एक ट्रक से टक्कर के बाद निजी स्लीपर कोच बस में आग लग लगने से 10 लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही निजी स्लीपर कोच बस को एक ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी और उसमें तुरंत आग लग गई। पुलिस ने बताया कि चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक में गोरलाथु क्रॉस के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर यह सड़क दुर्घटना हुई।
इधर तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में बीती रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब तिरुचिरापल्ली से चेन्नई जा रही राज्य परिवहन निगम की एक बस राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही थी। अचानक बस का एक टायर फट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा।अनियंत्रित बस सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई और उसे पार करते हुए विपरीत दिशा में चली गई। गलत दिशा में पहुंचने के बाद बस की आमने-सामने की टक्कर चेन्नई से तिरुचिरापल्ली की ओर जा रही एक एसयूवी और एक कार से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों निजी वाहनों के परखच्चे उड़ गए।





