
क्रिसमस के मौके पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे पीएम मोदी, ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में हुए शामिल
New Delhi : क्रिसमस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे। यहां वह ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में शामिल हुए। इसमें दिल्ली और उत्तर भारत के ईसाई समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं, दिल्ली के बिशप रेव्ह डॉ. पॉल स्वरूप ने पीएम मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली में कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया। इस प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सद्भावना को प्रेरित करे।” इससे पहले उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि ईसा मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव को और मजबूत करती रहेंगी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘‘शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमय क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं। ईसा मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को सुदृढ़ करें।’’





