खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में 11 पदकों के साथ मध्य प्रदेश ने दर्ज कराई दमदार मौजूदगी

जनजातीय प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम

Bhopal : छत्तीसगढ़ में 14 फरवरी से शुरू हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीतकर देशभर में 11वां स्थान हासिल किया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के इस प्रथम संस्करण में मप्र के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में शानदार खेल का प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाया।

आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के पारंपरिक एवं मुख्यधारा के खेलों को बढ़ावा देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना रहा। प्रतियोगिता में आर्चरी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, स्विमिंग, वेटलिफ्टिंग और रेसलिंग सहित कुल सात खेल विधाओं को शामिल किया गया। इन सभी खेलों में कुल मिलाकर 133 खिलाड़ियों (पुरुष 81, महिला 52) ने मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

एथलेटिक्स में सर्वाधिक सफलता- कुल 5 पदक

एथलेटिक्स में मध्य प्रदेश को सबसे अधिक सफलता मिली, जहां खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक- एक स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य- अपने नाम किए। इस श्रेणी में मार्टिना लकड़ा ने लॉन्ग जंप में रजत पदक जीता, जबकि गुलाब सिंह ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। वहीं, रंगलाल डोडियार ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक अर्जित किया, जबकि आरती डावर ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके अलावा शांति बाई ने 800 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर एथलेटिक्स में मध्य प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन को और मजबूती दी।

रेसलिंग में स्वर्ण के साथ, अन्य खेलों में भी रहा दबदबा

अन्य खेलों में भी मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। आर्चरी में पवन परमार, पुष्पा सिंह, सलोनी डाबी एवं मुस्कान भूरिया ने शानदार खेल दिखाते हुए 2 कांस्य पदक अर्जित किए। स्विमिंग में शृष्टि वर्मा ने 100 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। वेटलिफ्टिंग में गुंजन उइके ने 86+ किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं रेसलिंग में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शिवा भलावी ने ग्रीको रोमन 130 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि चांदनी नरेती ने फ्रीस्टाइल 62 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने सभी पदक विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जनजातीय अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं की अपार क्षमता को दर्शाती है। मंत्री ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेल एवं युवा कल्याण के सुनियोजित प्रशिक्षण, खेल अकादमियों के प्रभावी संचालन और प्रशिक्षकों के समर्पण का ही परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। विभाग द्वारा संचालित योजनाएं और प्रतिभा संवर्धन कार्यक्रम न केवल खिलाड़ियों को सशक्त बना रहे हैं, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए एक मजबूत मंच भी प्रदान कर रहे हैं।

जनजातीय खेल प्रतिभाओं ने रचा सफलता का नया इतिहास

कुल 11 पदकों (1 स्वर्ण, 4 रजत, 6 कांस्य) के साथ मध्य प्रदेश का यह प्रदर्शन आने वाले समय में और बेहतर परिणामों की संभावनाओं को दर्शाता है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 ने जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और मध्य प्रदेश इस दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!