गैस एजेंसी संचालक की कार पर अपराधियों ने की फायरिंग
Khunti : तोरपा थाना के क्षेत्र हिल चौक नगर भवन के पास सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना देर रात की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधी मां दुर्गा गैस एजेंसी के मालिक नरेंद्र साहू के घर के सामने पहुंचे और उनकी कार पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। अपराधियों ने विशेष रूप से नागेंद्र साहू की महिंद्रा कंपनी की कार(जेएच 19 एफ 5050) को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए हैं।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। इस संबंध में तोरपा के थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने मंगलवार को बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वैसे कुछ लोग इस घटना को गैस वितरण से भी जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार पर फायरिंग की मंशा क्या थी।




