
चंदवा में भीषण सड़क हादसा,एक की मौत, युवती समेत दो गंभीर रूप से घायल
लातेहार:जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में मंगलवार को एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवती समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।यह दुर्घटना एनएच-39 रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग से जुड़ने वाले सासंग-सेरक-मासीयातू ग्रामीण पथ के एक तीखे मोड़ के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधा खंभे से जा भिड़ा।हादसे में घायल तीनों लोगों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया गया। घायलों की पहचान राजेंद्र गंझू, नरेश गंझू और साखो कुमारी के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद राजेंद्र गंझू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।वहीं, साखो कुमारी को बेहतर इलाज के लिए लातेहार भेजा गया है, जबकि नरेश गंझू का इलाज चंदवा सीएचसी में जारी है।घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड उप प्रमुख अश्विनी मिश्रा और ग्राम प्रधान रोबेन उरांव अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चंदवा सीएचसी में एंबुलेंस की कमी पर नाराजगी जताई।सीएचसी प्रभारी डॉ. नीलिमा कुमारी ने बताया कि केंद्र की दोनों 108 एंबुलेंस फिलहाल खराब हैं और मरम्मत के लिए भेजी गई हैं। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी परेशानी हो रही है।क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और एंबुलेंस की अनुपलब्धता ने स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





